रविवार, 5 जुलाई 2020

दस बरस की बच्ची



वह बीस की उम्र में कुछ कमाल का कर लेना चाहती थी
उसने अठारह में ही पढ़ ली थीं दुनिया के महान मनुष्यों की जीवनियां
एक के बाद एक न जाने कितनी योजनाएं उसने बनाईं और रद्द करी
मगर वह कर पाई बेहद साधारण काम
जैसे-शादी, रसोई, बच्चे, परवरिश, नौकरी, पैसा...

अब वह पैंतीस की है
और भविष्य के सपनों से अधिक अतीत की स्मृतियों में खोई रहती है

कामयाब होने से अधिक अब उसकी रुचि उन अंडों को फिर से देखने में हैं
जिनसे वह बचपन में बच्चे निकलते हुए देखना चाहती थी
या उन वृक्षों में जिन पर चढ़कर फल खाना वह कभी नहीँ सीख पाई
या बरसात के उस खेल में जिसमें राम की बिल्लियाँ पकड़ने की प्रतियोगिता आयोजित की जाती थी

हालांकि अभी वह उम्र से पाँच बरस कम ही लगती है
फिर भी हर रात सोते समय वह ख़ुद से पूछती है
क्या वह बूढ़ी हो गई है ?

इस सवाल का जवाब बहुत सकारात्मक देने के बाद भी वह जानती है
कि वह हर दिन बूढ़ी हो रही है
उसे अब अपना जन्मदिन हतोत्साहित करता है
अब वह जन्मदिन, शादी की सालगिरह और उत्सव पर मिले उपहार देखकर भी ख़ुश नहीँ हो पाती

अक्सर देर रात तक जागते-जागते वह सो जाती है
उसे कभी-कभार नींद में वह लड़का नज़र आता है जिसने उसे बचपन में साईकिल सिखाई थी
वह उस लड़के के सामने ख़ुद को फूट-फूट कर रोते हुए देखती है
वह देखती है रोते हुए वह दस बरस की बच्ची लग रही है।

चुम्बन



मैं आज शाम को बिलकुल फ्री हूँ, आओगी मिलने?

मैंने चाची से मिन्नतें की
वो जानती थीं, तुम मेरे होने वाले शौहर हो
तो मान गईं

मैंने पर्स उठाया, ठीक-ठाक कपड़े पहनें, ऑटो बुक किया और पार्क के गेट पर पहुँच गई
तुम गेट पर ही खड़े थे ...

तुम्हारे बगल मैं एक मूँगफली बेचने वाला दस-बारह साल का लड़का खड़ा था
जो तुमसे बार-बार मूँगफली खरीदने का निवेदन कर रहा था
मेरे कहने पर तुमने 10 रुपये की मूँगफली तुलवा ली

हम पार्क मैं बैठे रहे
बैठे-बैठे मूँगफली छीलते रहे

मैं मुस्कराती रही , तुम हँसते रहे
मैं किस्से सुनाती रही,तुम किस्से सुनते रहे
फिर अचानक से तुमने मुझे चूम लिया
मैं अँगुली से मिट्टी खोदने लगी...

फिर न जाने किस उम्मीद में, मैं उठकर ओट में आ गई
फिर हम दोनों एक-दूसरे को आलिंगन में भरकर चूमने लगे

तभी एक लड़का आया
उसके चेहरे पर घृणा का भाव था
'ये सब यहां नहीँ चलेगा'

तुम सकपका गए
मैं डर गई...
तुमने लड़के से कहा 'सॉरी'

पाँच मिनट पहले मुझे पता चला था 'चुम्बन किसे कहते हैं'
पाँच मिनट बाद मुझे पता चला  'चुम्बन लेना ज़ुर्म है'

मैं मुंडी नीचे झुकाए पार्क से बाहर आ गई...
मेरे बदन पर कपड़े थे पर यूं लगा जैसे मैं बिलकुल नंगी हूँ

मेरे कानों में तुम्हारी कोई आवाज़ नहीँ आई...
महीनों तक कैसेट की तरह कानों में बस यही बजता रहा
ये सब यहां नहीँ चलेगा...

तुम फोन पर फोन करते रहे
मैं फ़ोन काटती रही...

तुमने मैसेज किया
'सॉरी! हम जल्दी शादी कर लेंगे'

फिर हमारी शादी हो गई
हमारे हिस्से में एक बिस्तर और एक छोटा-सा कमरा आ गया

काम से थके-ऊबे हम कमरे में आते तो मैं रोशनी बुझा देती
आहिस्ता-आहिस्ता तुम्हारे होंठ मेरे होंठो की तरफ़ बढ़ते
तभी वह लड़का मेरे कानों में जोर से चीखता
ये सब यहाँ नहीँ चलेगा!

उस अनजान लड़के ने सिर्फ़ एक वाक्य बोलकर
उस एहसास को कुचल दिया
जिससे मैं ज़िंदगीभर चुम्बन लेती और देती...

नेहा नरूका